जांजगीर-चांपा: घूसखोरी पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, चार कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को जांजगीर-चांपा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी टीम ने जांजगीर और नवागढ़ में दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करते हुए कुल चार सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई जांजगीर में CSPDCL ग्रामीण कार्यालय में हुई। एसीबी ने यहाँ सहायक अभियंता विजय नोरगे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये तीनों प्रदीप यादव से फ्लाई ब्रिक्स प्लांट में ट्रांसफॉर्मर लगाने के बदले 35 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया और तय राशि लेते ही तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दूसरी कार्रवाई नवागढ़ नगर पंचायत में की गई, जहाँ लेखपाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि जायसवाल ने ठेकेदार अब्दुल वहाब से 2 लाख 3 हजार रुपए के भुगतान के एवज में कुल 16 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। पहली किश्त पहले ही ली जा चुकी थी, जबकि दूसरी किश्त के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुँचकर आरोपी को पकड़ लिया।
चारों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सरकारी कार्यप्रणाली पर निगरानी और सख्ती की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।


