शेयर बाजार में कोहराम: मिडिल ईस्ट तनाव और तेल की बढ़ती कीमतों ने सेंसेक्स 1900 अंक तक गिराया
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। गुरुवार को बाजार खुलते ही BSE सेंसेक्स 1900 अंक से अधिक टूटकर 74,685 पर खुला, जबकि Nifty 50 भी 550 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 23,197 पर खुला। शुरुआती मिनटों में ही बिकवाली हावी रही, जिससे निवेशकों में घबराहट देखने को मिली।
विशेषज्ञों के अनुसार, खाड़ी देशों के तेल और गैस ठिकानों पर हमलों के बाद इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 113 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। कतर के एलएनजी प्लांट पर हमले और काउंटर अटैक ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी, जिसका सीधा असर शेयर बाजारों पर पड़ा।
एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट रही। जापान का निक्केई 1500 अंक से अधिक, हांगकांग का हैंगसेंग 500 अंक से अधिक, और साउथ कोरिया का कोस्पी 1.5% से ज्यादा लुढ़क गया।
भारतीय बाजार में लार्जकैप शेयरों में भी दबाव देखने को मिला। एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अदानी पोर्ट्स जैसे दिग्गज शेयर 2% से 4.5% तक टूट गए। निवेशक जोखिम से दूरी बनाते दिखे, जिससे बाजार में भारी अस्थिरता बनी रही।


