जांजगीर चांपा। जिले के चांपा से लगे ग्राम सिवनी के पंचायत भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के बैनर तले विकासखंड स्तरीय ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ सह महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सभापति श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, जनपद पंचायत सभापति चूड़ामणि राठौर, सरपंच श्रीमती कृष्णकुमारी सिदार, उपसरपंच गोविंद राठौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान किशोरी बालिकाओं के लिए रंगोली एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में नारी सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा के महत्व तथा भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जिला पंचायत के सभापति उमा राजेन्द्र राठौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है तथा बालिकाओं की शिक्षा और महिलाओं की आत्मनिर्भरता अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ एवं व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए पारंपरिक व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं, महिलाओं के अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधान, जल संरक्षण, विश्व जल दिवस एवं क्षय रोग जैसे विषयों पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन परियोजना अधिकारी श्रीमती जया पटेल के निर्देशन में हुआ तथा अंत में सभी उपस्थितों को स्वल्पाहार वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।


