रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों में पंजीयन कार्यों को गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक दस्तावेजों का रजिस्ट्रेशन हो सके और राजस्व संग्रह बढ़ाया जा सके। इस संबंध में महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक कार्यालय, रायपुर ने आदेश जारी किया है।
निर्देश के अनुसार 22 मार्च (चौथा रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को भी कार्यालय खुले रहेंगे। इससे जमीन-जायदाद सहित अन्य दस्तावेजों के पंजीयन में तेजी आएगी।
सरकार ने सभी कलेक्टरों और पंजीयन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही 31 मार्च तक बैंकिंग लेन-देन सुचारू रखने को कहा गया है, ताकि राजस्व प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।


