रायपुर। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। गर्भवती महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने वाली इस योजना में राज्य ने तेज पंजीयन, त्वरित मंजूरी और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के दम पर राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया।
राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर उच्च स्तर के अधिकारियों तक लगातार मॉनिटरिंग और समन्वय से काम किया गया। वर्ष 2025-26 में फरवरी तक 2.04 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीयन हुआ, जो लक्ष्य का 93 प्रतिशत है। वहीं 83 प्रतिशत आवेदनों को स्वीकृति के लिए केंद्र भेजा गया और स्वीकृति दर भी सबसे अधिक रही।
शिकायत निवारण में भी छत्तीसगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत मामलों का समाधान किया। सरकार के अनुसार, इस योजना के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधारने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


