राजनांदगांव। Railway Protection Force (आरपीएफ) ने रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में हुई चोरी की घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुए मोबाइल व टैबलेट बरामद कर लिए। यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त (नागपुर) Deep Chandra Arya के निर्देश पर चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत की गई।
घटना 15 मार्च की सुबह प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित नए वेटिंग रूम की है, जहां चार महिला यात्री विश्राम कर रही थीं। पीड़ित महिलाओं ने आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू को बताया कि रात करीब 12:30 बजे उन्होंने दो टैबलेट और एक Realme C25Y मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था और पास में रखा बैग लेकर सो गईं। सुबह करीब 6 बजे उठने पर सामान गायब मिला।
शिकायत मिलते ही आरपीएफ टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक वेटिंग हॉल के आसपास घूमता दिखा। घेराबंदी कर उसे प्लेटफार्म नंबर-2 की सीढ़ियों के पास से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश विजयकर (26), निवासी बडनेरा, महाराष्ट्र के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल, दोनों टैबलेट और हैंड बैग बरामद कर लिया गया।


