रायपुर। Vishnu Deo Sai ने बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम लाखासार में गौधाम का शुभारंभ कर प्रदेश में गोधन संरक्षण की दिशा में नई पहल की। इस दौरान उन्होंने गोमाता की पूजा-अर्चना की और गौधाम परिसर का निरीक्षण कर वहां पशुओं के लिए चारा, पानी और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
करीब 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस गौधाम में 19 एकड़ भूमि पर हरे चारे की खेती की जा रही है। इसका संचालन कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किया जा रहा है, जहां बेसहारा और आवारा पशुओं को आश्रय दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की गौधाम योजना का उद्देश्य निराश्रित मवेशियों को सुरक्षित ठिकाना देना, गोधन संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर लाखासार में महतारी सदन, मिनी स्टेडियम और 500 मीटर गौरव पथ निर्माण की घोषणा की गई। साथ ही गौधाम में प्रशिक्षण भवन के लिए 25 लाख रुपये, एक काऊ कैचर और पशु एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


