अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदर झेरी लोंगरी में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी पत्नी की डंडे से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना 7 मार्च की देर रात की बताई जा रही है। मृतका प्रियंका आरोपी की दूसरी पत्नी थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा की पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। करीब एक साल पहले उसने प्रियंका से दूसरी शादी की थी। दोनों पति-पत्नी अलग घर में रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पास में ही अलग रहते हैं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 7 मार्च की रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने डंडे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह घर से कोई बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो महिला जमीन पर पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।


