कोरबा। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोरबा द्वारा 11 मार्च को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप के माध्यम से विभिन्न निजी कंपनियों में कई पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्लेसमेंट कैंप में प्रिंसीपल सिक्योरिटी एंड एलाइड सर्विसेस प्रा.लि. कोरबा, द रियल हंटर बालको कोरबा, कृष्णा कॉरपोरेशन कोरबा तथा अपोलो फार्मासिटीज लिमिटेड रायपुर द्वारा अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के तहत सिक्योरिटी गार्ड के 70, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 10, सिक्योरिटी गार्ड डॉग हैंडलर के 12, सीआरओ के 2, टेक्निकल असिस्टेंट के 6, फार्मासिस्ट के 10 और फार्मेसी असिस्टेंट के 10 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं और स्नातक निर्धारित की गई है, जबकि आवेदकों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तय की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थानों द्वारा लगभग 7 हजार से 15 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। सभी पद कोरबा जिले के लिए निर्धारित हैं।
प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in पर रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट पर पंजीयन कर संबंधित पदों का चयन कर सकते हैं और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकते हैं।


