बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत मस्तुरी और हिर्री थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मस्तुरी थाना क्षेत्र में ग्राम सरगवा, कर्रा और भोथीडीह में छापेमारी की गई। ग्राम सरगवा निवासी विद्या प्रकाश मनहर के पास से 5 लीटर 760 एमएल देशी प्लेन शराब (कीमत लगभग 3200 रुपये) जब्त की गई। ग्राम कर्रा में मनहरण कौशिक के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब (अनुमानित कीमत 1500 रुपये) बरामद हुई। वहीं ग्राम भोथीडीह में रामेश्वर केंवट से 3 लीटर 6 एमएल देशी प्लेन शराब (लगभग 1600 रुपये) जब्त की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इसी क्रम में हिर्री थाना पुलिस ने ग्राम झलफा के पास कार्रवाई करते हुए घुम-घुमकर शराब बेच रहे दीपक डहरिया को गिरफ्तार किया। उसके पास से 24 पाव देशी प्लेन शराब (4.320 लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत 1920 रुपये आंकी गई है। साथ ही 200 रुपये की बिक्री राशि और होंडा एक्टिवा (क्रमांक CG 10 CA 3355) भी बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


