दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुई अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। करीब डेढ़ महीने पहले खेत में मिले घुमंतू महिला के शव मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला को भोजन कराने का झांसा देकर सुनसान खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना लगभग 45 दिन पुरानी है, जब कुम्हारी इलाके के एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। मृतका की पहचान नहीं हो पाने से मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बन गया था। दुर्ग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ तेज की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला को खाना खिलाने का भरोसा दिलाकर खेत की ओर ले गया था। वहां उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पड़ोसी जिलों के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज है, वहीं पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।


