गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई नकदी और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। कार्रवाई में कुल 46 लाख 31 हजार 500 रुपये नकद, कई हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए हैं। बरामद राशि में दो हजार रुपये के पुराने नोट भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह ऑपरेशन वनांचल क्षेत्र में चलाया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिला पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम ने घने जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई की। वहां प्लास्टिक ड्रम और कंटेनरों में नोटों की गड्डियां और हथियार पैक कर छिपाए गए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह रकम नक्सलियों द्वारा लेवी के रूप में वसूली गई थी, जिसे भविष्य की गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा गया था।
मौके से देसी कट्टे, विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर और दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस का मानना है कि इतनी मात्रा में हथियारों की मौजूदगी किसी बड़ी योजना की ओर संकेत करती है।
पुलिस अधीक्षक अमित कांबले ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सलियों के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है और सीमा से लगे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जो नक्सलियों को रसद और वित्तीय मदद पहुंचाते थे।


