सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को हिट एंड रन की दर्दनाक घटना सामने आई। जरही क्षेत्र स्थित अंबिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार एक ही परिवार के पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन, दो मासूम बच्चे और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना सोनगरा पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक युवक अपनी बहन को उसकी ससुराल से वापस घर ला रहा था। बाइक पर उसके साथ एक दोस्त, बहन और दो छोटे बच्चे (भांजा-भांजी) सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर तेज गति में था और टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला और बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जरही थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने और भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग की है।


