रायगढ़। जिले में अवैध रेत और अन्य खनिजों के उत्खनन व परिवहन पर नकेल कसने के लिए खनिज विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर एक सप्ताह के भीतर 27 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कोतरा रोड, भूपदेवपुर और पुसौर इलाके में औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना अनुमति और वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करते वाहन पकड़े गए। जब्त वाहनों में 20 रेत से लदे ट्रैक्टर, 2 रेत से भरे हाईवा, 3 मिट्टी व मुरूम से लोड ट्रैक्टर तथा 2 चूनापत्थर से भरे हाईवा शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर सहित कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान-खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


