PM Narendra Modi CCS Meeting: मध्य-पूर्व में तेजी से बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक रात 10 बजे नई दिल्ली में प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे से लौटकर करीब 9:30 बजे राजधानी पहुंच सकते हैं।
इस बैठक में पश्चिम एशिया की ताजा स्थिति, भारत की सामरिक तैयारी और क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
उधर, इजराइल ने रविवार को ईरान पर अपने हमले तेज कर दिए। इजराइल रक्षा बल (IDF) ने तेहरान स्थित सैन्य ठिकानों, बेसिज फोर्सेज मुख्यालय और तब्रिज एयरपोर्ट को निशाना बनाने का दावा किया है। IDF के अनुसार, इन हमलों में ईरान के कुछ लड़ाकू विमान नष्ट हुए हैं। इजराइल ने इस सैन्य कार्रवाई को “ऑपरेशन रोरिंग लायन” नाम दिया है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि यह अभियान आवश्यकतानुसार जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान क्षेत्रीय अस्थिरता को बढ़ावा दे रहा है और इजराइल की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है।
बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक समुदाय की नजरें पश्चिम एशिया पर टिकी हैं। ऐसे में आज होने वाली CCS बैठक को भारत की सुरक्षा और कूटनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


