रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल साबित हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना का छत्तीसगढ़ में प्रभावी क्रियान्वयन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योजना के तहत आम नागरिकों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने पर अनुदान दिया जा रहा है, जिससे बिजली खर्च में कमी और पर्यावरण संरक्षण दोनों सुनिश्चित हो रहे हैं।
कोरबा जिले के खरमोरा निवासी हीरा राम साहू इस योजना से लाभान्वित होने वाले नागरिकों में शामिल हैं। उन्होंने जून 2025 में अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया। इस संयंत्र की कुल लागत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये आई, जिसमें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सहायता मिलने से उन पर आर्थिक भार काफी कम हो गया।
चार सदस्यीय परिवार वाले साहू पूर्व में सीएसईबी में कार्यरत थे और वर्तमान में सेवानिवृत्त जीवन व्यतीत कर रहे हैं। सोलर पैनल लगने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल नियमित व्यय का हिस्सा था, लेकिन अब यह घटकर 30 से 70 रुपये के बीच रह गया है। इससे उन्हें आर्थिक प्रबंधन में बड़ी राहत मिली है।
साहू ने कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे घरेलू खर्च में कमी आई है और हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।


