भोपाल। राजधानी में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक पूर्व पुलिस अधिकारी की 31 वर्षीय बेटी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर विवाह के बाद पांच करोड़ रुपये दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर महिला थाने में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का विवाह वर्ष 2018 में दिल्ली निवासी सुशांत चोपड़ा से पारंपरिक रीति-रिवाज से हुआ था। सुशांत विदेश में व्यापार से जुड़ा बताया जा रहा है और काम के सिलसिले में अक्सर चीन आता-जाता रहता है। शिकायत में कहा गया है कि विवाह के शुरुआती समय में संबंध सामान्य थे, लेकिन बाद में आर्थिक मांगों को लेकर विवाद बढ़ने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने व्यावसायिक विस्तार के नाम पर पांच करोड़ रुपये की मांग की। रकम उपलब्ध न कराने पर मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना दी गई। शिकायत में सास और ननद को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पीड़िता का कहना है कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी कथित मांग का समर्थन किया और उस पर लगातार दबाव बनाया गया।
महिला थाने में दर्ज प्रकरण में पति के अलावा सास और ननद के खिलाफ भी मामला कायम किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


