रायपुर। होली से पहले धान बोनस राशि का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहतभरी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 10,292 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर कर दिए हैं।
28 फरवरी को आयोजित राज्य स्तरीय धान बोनस वितरण कार्यक्रम के माध्यम से यह राशि डीबीटी के जरिए किसानों को दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद भी किया।
योजना के तहत कबीरधाम जिले के 1 लाख 17 हजार 344 किसानों को 461.82 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। मुख्य कार्यक्रम कवर्धा विकासखंड के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ, जबकि बोड़ला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सरकार का कहना है कि यह राशि किसानों की त्योहार के समय की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी। साथ ही आगामी खरीफ सीजन की तैयारी में भी यह सहयोगी साबित होगी। किसान इस राशि से खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था कर सकेंगे।


