बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सकरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुरी गांव के पास हुआ, जहां रांग साइड से आ रहे एक ट्रक ने तेज रफ्तार कार को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, कार सवार छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और सोनू मिरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा है। सभी मृतक मुंगेली और बिलासपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग एक रिश्तेदार की शादी की 25वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने सकरी क्षेत्र के एक ढाबे में गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से रांग साइड में आ रहे ट्रक ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से वाहन के हिस्सों को काटकर शवों और घायल को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


