रायपुर, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार ने बीजापुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले में पांच सड़कों के निर्माण हेतु 108 करोड़ 96 लाख रुपये की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के तहत कुल 73.86 किलोमीटर सड़क निर्माण के साथ पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य अनुबंधित समयावधि में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने गुणवत्ता और विभागीय मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने बीजापुर जिला में 42.56 किलोमीटर लंबे पिनकोंडा-चेरपाल मार्ग के निर्माण के लिए 47.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस मार्ग में 80 पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिला में 7 किलोमीटर लंबे रिसदा बायपास मार्ग हेतु 11.91 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
रायपुर जिला में भानसोज-बरछा-मालीडीह-खौली मार्ग के 9 किलोमीटर चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 20.17 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। ग्राम चरौदा-धरसींवा में 3.20 किलोमीटर फोरलेन गौरवपथ निर्माण के लिए 14.81 करोड़ रुपये तथा रायपुर रेलवे स्टेशन से शदाणी दरबार तक 12.10 किलोमीटर डामर नवीनीकरण कार्य हेतु 14.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट नहीं किए जाएंगे और पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। साथ ही ठेकेदार से अतिरिक्त परफॉर्मेंस सिक्योरिटी की बैंक गारंटी लेना अनिवार्य किया गया है, जो पूरी कार्यावधि तक प्रभावी रहेगी।


