बलौदाबाजार। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका के प्राचार्य आर.एन. बया को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उन्होंने एक दिव्यांग व्याख्याता का लंबित वेतन जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, मोपका (भाटापारा) निवासी खेमेश्वर डांडे ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता विजय कुमार डांडे विद्यालय में व्याख्याता पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2017-18 में दुर्घटना के कारण दिव्यांग होने के बावजूद वे नियमित रूप से विद्यालय जाते रहे। इसके बावजूद प्राचार्य वेतन आहरण में अनावश्यक अड़चन डालते थे और हर माह 10 हजार रुपये की मांग करते थे। आरोप है कि कई बार रिश्वत की राशि आरोपी ने अपने बैंक खाते में भी ली।
करीब छह माह पहले प्राचार्य ने 10 हजार के बजाय 15 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर व्याख्याता का छह महीने का वेतन रोक दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर एसीबी से संपर्क किया गया।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप बिछाया और भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास आरोपी को 15 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


