रायपुर । छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र को दी गई प्राथमिकता पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रति आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि यह सरकार का तीसरा बजट है, जो प्रदेश की तीन करोड़ जनता के सामाजिक और आर्थिक विकास को समर्पित है। पिछले दो वर्षों में विकास की जो गति बनी है, उसे और तेज करने तथा ‘छत्तीसगढ़ अंजोर 2047’ के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के उद्देश्य से यह बजट प्रस्तुत किया गया है। यह केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि समृद्ध और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान भारत योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अंबिकापुर और धमतरी में जिला अस्पताल भवन निर्माण, रायपुर में 200 बिस्तरों वाले एमसीएच की स्थापना तथा चिरमिरी में जिला अस्पताल निर्माण जैसी घोषणाएं स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करेंगी। साथ ही विभिन्न जिलों में मेडिकल, नर्सिंग और जीएनएम प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना से चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट 2026-27 प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।


