रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है। राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) के 23 से अधिक अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश जारी होते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह तबादले कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा नई कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।
कमिश्नर प्रणाली के तहत रायपुर पुलिस को अधिक अधिकार और स्वायत्तता मिलने के बाद यह पहला बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बदलाव से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आम जनता से जुड़े मामलों में तेजी आएगी। पुलिस मुख्यालय ने भी उम्मीद जताई है कि नई टीम के साथ रायपुर में पुलिसिंग का स्तर और बेहतर होगा।


