छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, मृतक सभी एक ही परिवार या परिचित बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
read also: बिलासपुर में विवाहिता की रहस्यमयी मौत, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, जांच में बढ़ी सनसनी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार की स्पीड काफी अधिक थी और सामने अचानक आए ट्रेलर को देखकर चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर सका। हादसे के बाद सड़क मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिसे बाद में क्लियर करा दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और लोगों से तेज रफ्तार से ड्राइव न करने की अपील की है।


