कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस (03 दिसंबर) के अवसर पर जिले के दूरस्थ वनांचल ग्राम शासकीय प्राथमिक शाला सरनापारा, संकुल–सिमगा, विकासखंड–पोड़ीउपरोड़ा में दिव्यांग बच्चों के प्रोत्साहन एवं शैक्षणिक उन्नति हेतु “खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार थे, जबकि संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने दिव्यांग छात्रों के पालकों एवं ग्रामवासियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, प्रधानपाठकों तथा संकुल समन्वयकों को दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल समन्वयक देवपाल सिंह कंवर (सिमगा), विजय ताम्रकार (गडरा) तथा संस्था प्रभारी तेजराम चंद्रा का योगदान उल्लेखनीय रहा।
इस अवसर पर संकुल सिमगा एवं गडरा के स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, शाला विकास समिति के सदस्य, पालकगण, ग्रामवासी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।


