भुवनेश्वर (ओडिशा क्राइम न्यूज): राज्य से एक और शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 23 साल की महिला ने कैद से भागकर पुलिस को बताया कि उसे छह महीने तक बंधक बनाकर गैंगरेप और यातनाएं दी गईं। फिलहाल पीड़िता को बालासोर के पुनर्वास केंद्र भेजा गया है और उसकी मेडिकल जांच हो चुकी है।
किडनैप कर बनाया बंधक
पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना बालासोर जिले की है। महिला का अपहरण कर मयूरभंज जिले के बारीपदा में छह महीने तक कैद रखा गया। इस दौरान कई लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और शारीरिक उत्पीड़न किया। मौका मिलते ही पीड़िता भाग निकली और भोगराई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपियों की तलाश जारी
भोगराई थाने के प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार बल ने बताया कि महिला की मां ने 3 मार्च को बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है और जल्द कार्रवाई होगी।
ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध
ओडिशा रेप केस और महिला गैंगरेप की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। जुलाई में बालासोर जिले की एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न से तंग आकर खुदकुशी कर ली थी। इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था और अब यह नया मामला फिर से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।