देश के मौसम में इन दिनों साफ तौर पर दो अलग-अलग तस्वीर देखने को मिल रही है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने से ठंडक का अहसास हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे हाल के दिनों में बढ़े तापमान से कुछ राहत मिली है।
दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। गुजरात, राजस्थान और विदर्भ समेत कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे समय से पहले ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मार्च की शुरुआत में ही कई इलाकों में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क और गर्म रह सकता है। कुछ राज्यों में लू जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।


