US-Israel Iran War: अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद से ईरान लगातार पूरे मिडिल ईस्ट के कई देशों को निशाना बना रहा है. ईरान ने कई पड़ोसी देशों पर लगातार मिसाइलों और ड्रोन हमले किए हैं. ईरान की ओर से खासतौर पर संयुक्त अरब अमीरात में दुबई को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. दुबई में शनिवार को फिर भीषण धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद दुनिया के दूसरे सबसे व्यस्त एयरपोर्ट पर उड़ानों को सस्पेंड करना पड़ा. सरकार की ओर से कहा गया है कि उसने एयर डिफेंस को एक्टिवेट कर दिया है. वहीं अलर्ट बजने के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई और दुबई से उड़ान भरने का इंतजार कर रहे यात्रियों को सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर बनी सुरंगों में ले जाया गया. हालांकि कुछ ही देर बाद आंशिक तौर पर एयरपोर्ट को खोल दिया गया. एमिरेट्स एयरलाइंस ने कहा कि “दुबई आने-जाने वाली सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित कर दी गई हैं.” 28 फरवरी से 31 मार्च के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को दोबारा बुकिंग करने या रिफंड का अनुरोध करने का विकल्प दिया गया.
एयरपोर्ट पर हमले की खबरों को किया खारिज
इससे पहले, दुबई सरकार ने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर किसी भी घटना की खबरों को खारिज कर दिया था, जबकि एयरपोर्ट के ऊपर धुआं उठते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे. हालांकि कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किए गए वीडियो में दुबई के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के ऊपर धुआं उठता हुआ दिखाई दिया. एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि एयरपोर्ट के ऊपर एक विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद हवा में धुएं का गुबार छा गया. कई निवासियों ने न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को शहर भर में हुए विस्फोटों के बारे में बताया. दुबई सरकार के मीडिया कार्यालय ने साफ किया है कि एयरपोर्ट पर कोई घटना नहीं हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि शहर में मलबा गिरने से हुई एक छोटी सी घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
IND vs NZ Final से पहले टीम इंडिया का नया ‘टोटका’, टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए बदला अपना ठिकाना
एयरलाइन की ओर से जारी की गई एडवाइजरी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 ने दुबई हवाई क्षेत्र के ऊपर या आसपास कुछ ही उड़ानें दिखाईं, जबकि आधिकारिक एयरपोर्ट की वेबसाइट पर कई उड़ानें आ-जा रही थीं या आने-जाने वाली थीं. वेबसाइट पर एयरपोर्ट पर औसतन 60 से 90 मिनट की देरी दिखाई गई. एयरलाइन की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, दुबई एयरपोर्ट, अबू धाबी के जायद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, शारजाह एयरपोर्ट, अक्रोटिरी एयरपोर्ट और फुजैराह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए उड़ानें संचालित होंगी. भारतीय नागरिकों की वापसी को सुविधाजनक बनाने के लिए इन पश्चिम एशियाई शहरों से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के लिए वापसी उड़ानें भी संचालित की जा रही हैं. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व में कई मोर्चों पर जारी युद्ध आठवें दिन में प्रवेश कर गया और दुबई में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं.


