UPSSSC Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश और कोल इंडिया युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर लेकर आई हैं. चाहे आपने 10वीं पास की हो, 12वीं, डिप्लोमा या ग्रेजुएशन हर लेवल के उम्मीदवारों के लिए इसमें मौके हैं. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) और कोल इंडिया की सहायक कंपनी SECL ने अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भर्तियों का ऐलान किया है. कृषि, रिसर्च, फार्मेसी और माइनिंग जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में ये भर्तियां निकाली गई हैं, जिससे अलग-अलग इंटरेस्ट और योग्यता वाले युवाओं को फायदा मिलेगा.
उत्तर प्रदेश में टेक्निकल असिस्टेंट (ग्रुप-सी) के कुल 2759 पदों पर भर्ती निकली है. यह भर्ती कृषि विभाग में की जाएगी, जिससे कृषि क्षेत्र में करियर बनाने वालों के लिए अच्छा मौका है.
टेक्निकल असिस्टेंट (ग्रुप-सी) के कुल 2759 पदों में सामान्य वर्ग के 1692 पद, OBC के 573 पद, EWS के 275 पद, SC के 213 पद और ST के 6 पद शामिल हैं.
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार अपना आवेदन फॉर्म 11 जून 2026 तक भर सकते हैं. आवेदन फीस सभी वर्गों के लिए सिर्फ 25 रखी गई है, जो काफी कम है.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास कृषि, बागवानी या वानिकी में ग्रेजुएशन होना जरूरी है. साथ ही PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए, क्योंकि इसके आधार पर मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.
इसमें भर्ती के लिए उम्र सीमा 21 से 40 वर्ष रखी गई है, लेकिन आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियम के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी.
अगर आपका चयन हो जाता है तो आपको 25,500 से 81,100 तक सैलरी मिलेगी. वहीं इसकी चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें पहले PET 2025 के स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, उसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा में बैठना होगा.


