नई दिल्ली। Union Public Service Commission (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। परिणाम पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया गया है, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के नाम और रोल नंबर दर्ज हैं।
इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर टॉप किया है। इंटरव्यू यानी पर्सनैलिटी टेस्ट की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुई थी, जिसके बाद लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों को जोड़कर अंतिम परिणाम तैयार किया गया।
UPSC CSE 2025 के फाइनल रिजल्ट के आधार पर कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। इनमें 317 सामान्य वर्ग, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 एससी और 73 एसटी श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्र सरकार की ग्रुप ‘A’ व ग्रुप ‘B’ सेवाओं में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।
गौरतलब है कि इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से 979 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीदवार अपने रोल नंबर के जरिए रिजल्ट पीडीएफ में अपना नाम खोजकर परिणाम की पुष्टि कर सकते हैं।


