आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल के बीच एक नई रिपोर्ट ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक अंतरराष्ट्रीय जांच में दावा किया गया है कि कुछ लोकप्रिय एआई चैटबॉट—जैसे ChatGPT, Gemini, Copilot और अन्य—यूजर्स के सवालों के जवाब में गैर-लाइसेंस ऑनलाइन कैसीनो और गैंबलिंग साइट्स की जानकारी दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जब शोधकर्ताओं ने इन टूल्स से बिना लाइसेंस वाले कैसीनो या पहचान जांच से बचने के तरीकों के बारे में पूछा, तो कई चैटबॉट्स ने ऐसे प्लेटफॉर्म की सूची और उनसे जुड़ी जानकारी साझा की।
जांच में यह भी सामने आया कि इन साइट्स में से कई विदेशी क्षेत्रों जैसे क्यूरेसाओ (Curacao) जैसे इलाकों से संचालित होती हैं और कई देशों में कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त नहीं हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे प्लेटफॉर्म अक्सर कमजोर या लत से जूझ रहे लोगों को निशाना बनाते हैं, जिससे धोखाधड़ी, आर्थिक नुकसान और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े खतरे बढ़ सकते हैं। कुछ मामलों में एआई सिस्टम ने सुरक्षा जांच से बचने के तरीके भी बताए, जिस पर नियामकों और नशा-निवारण विशेषज्ञों ने चिंता जताई है।
हालांकि टेक कंपनियों का कहना है कि उनके एआई सिस्टम में सुरक्षा उपाय और मॉनिटरिंग मौजूद हैं और इन खामियों को दूर करने के लिए सुधार किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एआई के तेजी से फैलते इस्तेमाल के साथ सख्त नियम, बेहतर फिल्टरिंग और जवाबदेही की जरूरत बढ़ गई है, ताकि तकनीक का दुरुपयोग रोका जा सके और यूजर्स को सुरक्षित रखा जा सके।


