Electricity Bill Chhattisgarh: रायगढ़ जिले में बिजली विभाग बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है. जिलेभर में बिजली बिल का बकाया 278 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा सरकारी विभागों का है. आंकड़ों के मुताबिक, केवल सरकारी दफ्तरों पर ही करीब 188 करोड़ रुपये की देनदारी है. इसमें मुख्य रूप से नगर निगम की स्ट्रीट लाइट और जल आपूर्ति के कनेक्शन शामिल हैं, जिनका बिल लंबे समय से जमा नहीं किया गया है. वहीं, निजी कंपनियों पर लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये और घरेलू उपभोक्ताओं पर करीब 90 लाख रुपये का बकाया दर्ज है.
CG NEWS : देखते ही देखते पानी में समा गई कार, तीन लोग बाल-बाल बचे, मौके पर मचा हड़कंप
बिजली विभाग ने दी ये चेतावनी
बिजली विभाग का कहना है कि यदि उपभोक्ता समय पर बिल जमा नहीं करेंगे, तो आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है. इसी वजह से विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहा है. हाल ही में विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है, जिनके बिल महीनों से अटके हुए हैं. पिछले एक महीने में ही 30 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए. वहीं, विभाग ने चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय पर बिल जमा नहीं किया गया तो और भी कनेक्शन काटने में पीछे नहीं हटेगा.
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने केवल आईटीपीसी से ही 80 लाख रुपये की वसूली की गई. इसके अलावा, नगर निगम रायगढ़ से भी 17 लाख रुपये वसूल किए गए हैं. विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि उपभोक्ता समय पर बिल का भुगतान करें और बिजली आपूर्ति में किसी तरह की समस्या न हो.
रायपुर में महिला से मारपीट, टोनही बताकर की गाली-गलौज; आरोपी पर FIR दर्ज
बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता गुंजन शर्मा ने बताया कि बार-बार नोटिस देने और जानकारी जारी करने के बावजूद कई उपभोक्ता भुगतान नहीं कर रहे हैं. ऐसे मामलों में विभाग के पास कनेक्शन काटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता. उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिल चुकाकर विभाग का सहयोग करें, जिससे बिजली व्यवस्था सुचारु बनी रहे.


