अमेरिकी क्रिकेट पिछले कुछ सालों में काफी तेजी से आगे बढ़ा है। इस दौरान घरेलू क्रिकेट में खेलने वाल कई भारतीय खिलाड़ियों ने मौकों की तलाश में अमेरिका का रुख किया। रणजी ट्रॉफी में रनों की बरसात कर चुके मिलिंद कुमार अमेरिकी टीम के प्रमुख खिलाड़ी हैं। अब एक और भारतीय खिलाड़ी को अमेरिका की टीम में जगह मिली है। मुंबई के ऑलराउंडर रह चुके 31 साल के शुभम रंजने अब अमेरिका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेंगे।
2022 में किया था अमेरिका का रुख
शुभम रंजने ने 2022 में आखिरी बार भारत में घरेलू क्रिकेट खेला था। इसके बाद वह अमेरिका चले गए थे। अपनी निवास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के तुरंत बाद उन्हें अमेरिका की टीम में पहली बार शामिल किया गया है। वह अमेरिका की घरेलू क्रिकेट में सफेल बॉल क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। पावर हिटिंग के साथ ही वह तेज गेंदबाजी भी करते हैं। यही वजह है कि उन्हें टीम में शामिल करने में कोई देरी नहीं की गई।
अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट में उन्होंने अभी तक 23 मुकाबले खेले हैं। इसमें 42 की औसत और 140 की स्ट्राइक रेट से 419 रन बनाए। उन्होंने सिएटल ओर्कास को खिताब जीतने में भी मदद की थी। 2024 एमएलसी के ड्राफ्ट में टेक्सास सुपर किंग्स ने उन्हें सबसे पहले पिक किया था।
शुभम रंजने ने घरेलू क्रिकेट में 2016 में मुंबई के लिए डेब्यू किया था। भारत में उन्होंने 15 फर्स्ट क्लास मैच खेले और इसमें 595 रन बनाने के साथ ही 12 विकेट लिए। लिस्ट ए क्रिकेट में 23 मुकाबलों में उनके 278 रन और 14 विकेट हैं। वह सूर्यकुमार यादव, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ियों के टीममेट रह चुके हैं।


