रायगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की जा रही है। अब तक जिले में कुल 22,20,637.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 50,029.60 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है।
CG B.Sc. Nursing Admission: 10 परसेंटाइल वालों को भी मौका, चिकित्सा शिक्षा विभाग का बड़ा निर्णय
उपार्जन केंद्रों पर उपलब्ध सुव्यवस्थित टोकन प्रणाली और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था के चलते किसान अपनी उपज आसानी से बेच पा रहे हैं। अब तक 37,041 किसानों ने धान विक्रय किया है, जिसमें 13,682 सीमांत किसान, 20,609 लघु किसान और 2,750 दीर्घकालीन किसान शामिल हैं। धान खरीदी को पारदर्शी और नियंत्रित बनाए रखने के लिए रकबा समर्पण की प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार संचालित की जा रही है। जिले के 21,688 कृषकों द्वारा अब तक 2,664.937 हेक्टेयर कृषि भूमि का रकबा समर्पित किया गया है।
धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावी कदम उठाए हैं। अब तक 161 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 50,293 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और शासन के निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि वास्तविक किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे केवल निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर ही अपनी उपज बेचें और किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन या भंडारण से दूर रहें।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज शीतलहर का अलर्ट, ठंड करेगी परेशान
जिला प्रशासन ने धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और नियंत्रित बनाने के लिए हर उपार्जन केंद्र पर कर्मचारी तैनात किए हैं। किसानों की सुविधा के लिए टोकन वितरण और भुगतान की समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, जिले में धान खरीदी के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का समाधान तत्काल किया जा रहा है। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिले में धान खरीदी को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा डिजिटल रिकॉर्डिंग और निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। इस पहल से किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी रोक लगेगी। इस तरह रायगढ़ जिले में धान खरीदी न केवल किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, बल्कि अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह से सुचारु, पारदर्शी और किसानों के हित में संचालित हो।


