रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सीआरपीएफ कैंपों पर हुए समन्वित माओवादी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट धर्मावरम क्षेत्र में स्थापित नए कैंप पर हुए हमले से संबंधित है, जिसमें सीआरपीएफ के करीब एक दर्जन जवान घायल हुए थे। इससे पहले NIA इस मामले में 17 माओवादियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
जांच के अनुसार, 16 जनवरी 2024 को बीजापुर के धर्मावरम, चिंतावागु और पामेड स्थित सीआरपीएफ कैंपों पर करीब 300 माओवादियों ने एक साथ हमला किया था। हमले की योजना सुनियोजित थी और इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों पर दबाव बढ़ाना था।
नई सप्लिमेंट्री चार्जशीट में गिरफ्तार माओवादी अवलम भीमा, मदकम नंदा और मदकम देवा उर्फ रतन के नाम शामिल किए गए हैं। इनके साथ ही तीन फरार आरोपियों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ UAPA, IPC, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
NIA का मानना है कि नए सबूतों और अतिरिक्त आरोपों के साथ जांच और मजबूत होगी। साथ ही यह कार्रवाई माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने और हमले में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


