CG News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में दुल्हनों को मिले मंगलसूत्र पर विवाद खड़ा हो गया है. नवविवाहितों ने आरोप लगाया है कि उन्हें नकली मंगलसूत्र दिया गया है. अब इस मामले में कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं.
क्या है पूरा मामला?
रतनपुर के खड़गवां ब्लॉक के चनवारीडांड में 10 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें 189 जोड़ों ने शादी की. दुल्हनों को मंगलसूत्र के साथ-साथ कई तोहफे दिए गए. शादी के कुछ दिनों बाद दुल्हनों ने शिकायत की, उपहारों के साथ मिले मंगलसूत्र काले हो रहे हैं. नवविवाहिताओं ने दावा किया कि उन्होंने जब इसकी जांच कराई तो पता चला कि ये गिलट का है.
नकली गहने बांटने के आरोप
पीड़ित परिवारों का कहना है कि गरीब परिवारों की बेटियों के लिए चलाई जा रही योजना में इस तरह की लापरवाही सही नहीं है. कन्या विवाह योजना के तहत जो मंगलसूत्र दिया गया, वह नकली निकला. क्वालिटी खराब होने की वजह से उन्हें निराशा हुई. इलाके में पीड़ित परिवारों ने इसे लेकर नाराजगी जताई है.
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
कलेक्टर संतोष देवी जांगड़े ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं. जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग में लगातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं.





