Chhattisgarh Firing Incident : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में घर में घुसकर 3 नकाबपोश बदमाशों ने दो भाइयों पर गोली चला दी. वारदात में बड़े भाई आयुष कश्यप की मौत हो गई है. वहीं, घायल छोटे भाई आशुतोष कश्यप को जांजगीर के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. मृतक बड़े भाई के सिर और सीने में गोली लगी थी. आशुतोष को भुजा और गले में लगी है. बदमाशों ने रात करीब साढ़े 12 बजे मौके पर 3 राउंड फायरिंग की थी. सूचना के बाद जांजगीर-चांपा एसपी और सक्ती एसपी मौके पर पहुंच गए. वहीं, बिर्रा थाना पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले में नाकाबंदी की गई है. वारदात के वक्त युवकों की बड़ी बहन कमरे में थी. पिता अन्य कमरे में थे. बदमाशों ने पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था.
रेत की वजह से हुई हत्या
आशुतोष के पिता ने कहा है कि बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में रेत की वजह से यह गोलीबारी व हत्या की वारदात हुई है, क्योंकि उसका 19 साल का बेटा आयुष रेत का काम करता था. उसने अभी हाईवा और जेसीबी ली था और रेत के कार्य में लगा था. मृतक युवक की बहन व प्रत्यक्षदर्शी प्रेरणा कश्यप ने बताया कि तीन युवक नकाब लगाकर आए थे और उसके भाई आयुष को पहले गोली मारी. फिर उसके 16 साल के छोटे भाई को गोली मारी. वारदात के बाद 3 मोबाइल और कुछ चिल्हर नोट ले गए है. उसने बताया कि हफ्ते भर पहले 3 युवक उसके भाई आयुष के बारे में पूछने आए थे.
कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
इधर, गोलीबारी की बड़ी घटना के बाद पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया है और करही गांव, घटनास्थल पर जांजगीर-चाम्पा की प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, सक्ती एसपी प्रफुल ठाकुर, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप, साइबर और फोरेंसिक टीम पहुंची. घर में लगे CCTV की जांच के साथ अन्य क्षेत्रों में लगे CCTV की जांच पुलिस कर रही है. वहीं, अलग-अलग मार्ग पर नाकाबंदी की गई है. कॉल डिटेल से भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
अब गली-मोहल्लों में क्लीनिक खोलना आसान नहीं, DGHS ने तय किए सख्त मानक
पुलिस की टीमें तलाश में लगी
फिलहाल, पुलिस की कई टीमें गोलीबारी करने वाले बदमाशों की खोजबीन में जुटी हुई है. घटना के हालात से पता चल रहा है कि बदमाशों ने रेत का काम करने वाले बड़े भाई आयुष कश्यप को टारगेट किया है और उस पर पहले गोली चलाई है. परिजन ने वारदात की वजह रेत के कारोबार को बताया है. दूसरी ओर, आर्थिक लेन-देन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है.


