कोरबा शहर से लेकर एनटीपीसी मार्ग के आगे बलगी मोड़ तक शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुई हिंसक वारदात ने सनसनी फैला दी। घटना में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित ने लूटपाट और हथियार के बल पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात करीब 1 बजे मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मार्ग पर कुछ युवक अपनी कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
CG NEWS : गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप, SECL डिप्टी मैनेजर की दर्दनाक मौत
विवाद के दौरान कार में मौजूद एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे (दादू) जैसे ही वाहन से बाहर निकले, बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार में वाहन बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद साहिल निर्मलकर और उसके साथी अरविंद राठौर ने बोलेरो का पीछा किया। बताया जा रहा है कि पीछा करते हुए वे एनटीपीसी मार्ग से बलगी की ओर पहुंच गए। इसी दौरान बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि रास्ते में कुछ मोटरसाइकिल सवार युवकों ने अरविंद राठौर को रोककर स्कूटी से नीचे गिरा दिया और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
पीड़ित के अनुसार, बलगी क्षेत्र में सुनसान स्थान पर करीब 25 से 30 युवकों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान एक युवक ने पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर धमकाया तथा हवा में फायरिंग भी की। हमलावर उसे अधमरा हालत में छोड़कर फरार हो गए। अरविंद राठौर ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसके पास मौजूद लगभग एक लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी लूटकर ले गए। कुछ देर बाद होश में आने पर उसने दूसरे मोबाइल फोन से अपने साथियों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर साथी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को बांकीमोंगरा थाना ले गए। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, चंद्रमणि रात्रे का भी उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हुए। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। पुलिस ने बुधवारी बाईपास से लेकर बलगी मोड़ तक जांच शुरू कर दी है और कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और हमलावरों का उद्देश्य क्या था। फिलहाल पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और पीड़ित परिवार जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


