प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित करते हुए मतदाता बनने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना हर नागरिक के जीवन का एक अहम पड़ाव होता है और इसे उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने खासतौर पर युवाओं से अपील की कि वे लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और मतदान को अपना कर्तव्य समझें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर योग्य नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। उन्होंने चुनाव आयोग और विभिन्न संगठनों द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियानों की भी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि एक जागरूक और सक्रिय मतदाता ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।


