कोरबा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब एक युवती चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते-करते फिसल गई। ट्रेन की रफ़्तार और प्लेटफॉर्म की भीड़ के बीच वह कुछ सेकेंड के लिए संतुलन खो बैठी, लेकिन मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस और यात्रियों ने तुरंत उसे खींचकर सुरक्षित कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती देर से पहुंची थी और जल्दबाजी में चलती ट्रेन पकड़ने लगी। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह ट्रेन के ठीक पास गिरते-गिरते बची। घटना के बाद RPF ने उसे कड़ी फटकार लगाई और बताया कि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
रेलवे पुलिस ने मौके पर मौजूद यात्रियों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि कई बार लोग जल्दी में चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते हैं, जिससे गंभीर हादसे हो जाते हैं। RPF ने स्टेशन पर जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने की भी बात कही है।
घटना के बाद युवती और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, पुलिस ने दोबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी देते हुए यात्रियों से अनुरोध किया कि वे केवल ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें।


