महासमुंद जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले सिरपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला केंद्र है, जिसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी।
सीएम साय ने बताया कि इन विकास कार्यों से सड़क, पर्यटन अधोसंरचना, बिजली, जलापूर्ति और स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सिरपुर महोत्सव से प्रदेश की कला, संस्कृति और विरासत को नई पहचान मिलेगी, वहीं विकास परियोजनाएं महासमुंद जिले को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।


