रायपुर : राजधानी में रविवार देर रात ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते समय दो कारों की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार टकराने के बाद दोनों पक्षों के युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बवाल में बदल गई।
सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीसीपी और अतिरिक्त पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो हालात काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद सड़क पर हंगामा कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ युवक मौके से फरार हो गए।
पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों को तेलीबांधा थाने लेकर पहुंची, जहां भी उन्होंने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि थाने के भीतर भी युवकों ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर हुए विवाद और पुलिस कार्रवाई के दृश्य देखे जा सकते हैं।


