जशपुर: गौ तस्करी पर नकेल कसने के लिए जशपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार बड़ी सफलताएं दर्ज कर रहा है। जिले के दो अलग–अलग थाना क्षेत्रों — सिटी कोतवाली जशपुर और लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर कुल 13 गौ–वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इनमें 3 गौ–वंश कोतवाली क्षेत्र से और 10 गौ–वंश लोदाम क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री साय का दावा: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की कमर टूटी, 500 से अधिक माओवादी न्यूट्रलाइज
कोतवाली जशपुर: रात में नाकाबंदी, दो तस्कर गिरफ्तार, तीन गौ–वंश मुक्त
दिनांक 06 दिसंबर 2025, रात्रि लगभग 10 बजे, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH01-J-2635 में गौ–वंशों को भरकर झारखंड की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और बालाछापर लकड़ी डिपो के पास नाकाबंदी की व्यवस्था की। इसी दौरान संदेहास्पद पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी में वाहन से 3 नग गौ–वंश रस्सी से बंधे हुए मिले, जिन्हें अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था।
वाहन में बैठे संदिग्धों की पहचान इस प्रकार हुई
समीम उर्फ छेदन (56), निवासी हुसैन नगर, लोहरदगा, झारखंड राजकुमार यादव (29), निवासी कुरूमगढ़, जिला गुमला, झारखंड पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे कुनकुरी क्षेत्र से गौ–वंश खरीदकर गुमला ले जा रहे थे। दोनों आरोपियों से जब वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गौ–वंशों को बरामद किया और उनका पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया गया। दोनों तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), (घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक एसन पाल, आरक्षक उपेंद्र सिंह, रामप्रताप यादव, राजेश्वर सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नमो भारत ट्रेन का नया रूट तैयार: तीन राज्यों को जोड़ेगा कॉरिडोर, NCR वालों को बड़ा फायदा
लोदाम थाना: तड़के 4.30 बजे एक और पिकअप पकड़ा, चालक फरार, 10 गौ–वंश मुक्त
07 दिसंबर 2025, सुबह लगभग 4:30 बजे, लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-JS-8773 में भारी संख्या में गौ–वंशों को ठूँसकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत जामटोली में नाकाबंदी शुरू की। कुछ देर में संदिग्ध वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने इशारा कर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक पिकअप सहित भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से 10 नग गौ–वंश अमानवीय तरीके से रस्सियों से बंधे पाए गए। सभी को सकुशल निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचा दिया गया तथा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। लोदाम पुलिस ने भी अपराध दर्ज कर वाहन को ज़ब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक अमर बेक और लक्ष्मण कोरसा की भूमिका सराहनीय रही।
एसएसपी का बयान—ऑपरेशन ‘शंखनाद’ आगे भी जारी रहेगा
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ–तस्करी करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया दो पिकअप वाहनों से कुल 13 गौ–वंश मुक्त कराए गए हैं। दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। एक आरोपी फरार, जिसकी तलाश तेज की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन ‘शंखनाद’ आगे भी जारी रहेगा और जिले में गौ तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


