Israel Airstrikes In Beirut: इजरायल और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा हुए कुछ ही घंटे बीते थे कि बुधवार दोपहर इजरायल ने अचानक लेबनान की राजधानी बेरूत में हमला कर दिया। बेरूत के घनी आबादी वाले इलाकों, जहां लोग रहते हैं और दुकानें-कारोबार चलते हैं, उन पर बिना किसी चेतावनी के हवाई हमले किए गए। इजरायल ने साफ कहा है कि ईरान के साथ जो सीजफायर हुआ है, वह लेबनान में ईरान के समर्थन वाले हिजबुल्लाह गुट के खिलाफ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता है।
CBSE Class 12 Result 2026: 12वीं का रिजल्ट कब आएगा? ऐसे करें मिनटों में चेक
हिजबुल्लाह के 100 से ज्यादा ठिकानों पर हुए हमले
समझौते में मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान ने कहा था कि ईरान के साथ 2 हफ्ते का युद्धविराम इजरायल को लेबनान में भी हमले रोकने के लिए बाध्य करता है। लेकिन, इजरायल ने इस बात को नहीं माना है। इजरायली सेना ने मध्य बेरूत, दक्षिणी लेबनान और पूर्वी बेका घाटी में बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। मात्र 10 मिनट के अंतराल में हिजबुल्लाह के 100 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इजरायली सेना ने इसे इस पूरे युद्ध का सबसे बड़ा हमला बताया है।
इजरायली हमलों से मची भगदड़
हमलों के बाद बेरूत के कई इलाकों में आसमान में घने काले धुएं के गुबार उठते दिखे। एक आवासीय इमारत में आग लग गई और कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लेबनान पर इजरायली हमलों में कम से कम 112 लोग मारे गए हैं और कम से कम 837 लोग घायल भी हुए हैं। कई हमले ऐसे व्यस्त इलाकों में हुए जहां दुकानें और बाजार थे। इससे सड़कों पर लोगों में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इजरायली सेना का दावा
इजरायली सेना ने दावा किया कि उन्होंने हिजबुल्लाह के मिसाइल लॉन्च करने वाले ठिकानों, कमान केंद्रों और खुफिया बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। सेना ने हिजबुल्लाह पर आरोप लगाया कि यह गुट आम नागरिकों को अपने ठिकानों के आसपास रखकर मानव ढाल की तरह इस्तेमाल करता है। इजरायली सेना के बयान में कहा गया, “लेबनान और उसके नागरिकों को बचाने के लिए जरूरी है कि हिजबुल्लाह को आवासीय इलाकों में अपने ठिकाने और हथियार बनाने की सुविधाएं बनाने से रोका जाए।”
‘अभी युद्धविराम लागू नहीं हुआ’
हमले से पहले हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उनका समूह मध्यस्थों को लेबनान में युद्धविराम कराने का मौका दे रहा था। उन्होंने कहा, “हमने अभी युद्धविराम लागू होने की घोषणा नहीं की है, क्योंकि इजरायल इसका पालन नहीं कर रहा है।”अधिकारी ने कहा कि हिजबुल्लाह 2 मार्च से पहले वाली स्थिति बर्दाश्त नहीं करेगा। अधिकारी ने कहा, “हम यह नहीं सहेंगे कि इजरायल पहले की तरह हमले करता रहे। हम नहीं चाहते कि यह सिलसिला जारी रहे।”
Doomscrolling से छुटकारा पाना हुआ आसान! ये 5 ऐप्स आपकी स्क्रॉलिंग की आदत पर लगाएंगे ब्रेक
हिजबुल्लाह ने किया था हमला
बता दें कि, कुछ दिनों पहले जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया था तो उसके जवाब में हिजबुल्लाह ने इजरायल की तरफ सीमा पार से मिसाइलें दागी थीं। इजरायल ने जवाब में लेबनान पर भारी बमबारी की और जमीनी हमला भी किया है। साफ है कि ईरान के साथ युद्धविराम होने के बावजूद लेबनान में तनाव बढ़ता जा रहा है।


