पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने चिंता जताई है कि दुनिया का ध्यान अब यूक्रेन से हटता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर Iran से जुड़ा संघर्ष लंबा खिंचता है, तो इससे Ukraine को मिलने वाली सैन्य और आर्थिक मदद पर असर पड़ सकता है। जेलेंस्की ने कहा कि वैश्विक प्राथमिकताएं बदल रही हैं और यूक्रेन अब पहले जैसी प्राथमिकता नहीं रहा।
जेलेंस्की की सबसे बड़ी चिंता अमेरिकी Patriot एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति को लेकर है, जो रूसी मिसाइल हमलों से बचाव के लिए बेहद जरूरी हैं। उनका कहना है कि पश्चिम एशिया में युद्ध बढ़ने से हथियारों के भंडार और संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे यूक्रेन को मिलने वाली मदद धीरे-धीरे कम हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे युद्ध से तेल कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे Russia की अर्थव्यवस्था को फायदा मिल रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने माना कि दुनिया का ध्यान बंटने से शांति वार्ता और सैन्य सहयोग दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने साफ किया कि यूक्रेन अपनी लड़ाई जारी रखेगा और सहयोग बनाए रखने के लिए नए साझेदारी विकल्प तलाश रहा है।


