आईआईटी (आईएसएम) धनबाद अपना 100वां स्थापना वर्ष धूमधाम से मना रहा है। इस मौके पर संस्थान पूरे सप्ताह आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा, ताकि लोग इस ऐतिहासिक कैंपस को करीब से देख सकें और इसके विकास यात्रा को समझ सकें।
सेंटीनेरी सेलिब्रेशन का मुख्य आकर्षण होगा शानदार ड्रोन शो, जिसमें अत्याधुनिक तकनीक के जरिए संस्थान के 100 सालों का सफर आकाश में रोशनी और एनीमेशन के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। ड्रोन शो में आईएसएम की स्थापना, तकनीकी उपलब्धियां, पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिकाएं और भारत की ऊर्जा व खनन सेक्टर में किए गए योगदान को दर्शाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कई प्रदर्शनी, लेक्चर सीरीज, स्टार्टअप शोकेस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएंगी। संस्थान प्रशासन के अनुसार, धनबाद और आसपास के लोगों के लिए यह एक अनोखा अवसर होगा जब वे आईआईटी के इतिहास, शोध कार्यों और आधुनिक प्रयोगशालाओं को नजदीक से जान सकेंगे।
निर्देशकों ने बताया कि जनता की सुविधा के लिए कैंपस में विशेष गाइडेड टूर, सुरक्षा प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था की गई है। छात्रों व पूर्व छात्रों में भी इस जश्न को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।इस खास सप्ताह में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद न केवल अपना गौरवशाली अतीत दिखाएगा, बल्कि भविष्य की तकनीकी संभावनाओं की भी झलक प्रस्तुत करेगा।


