प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्य सरकार ने अगले आदेश तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की विदेश यात्राओं पर रोक लगा दी है। यह कदम सरकारी खर्चों में कटौती और संसाधनों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से उठाया गया बताया जा रहा है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक हाल ही में केंद्र की ओर से सभी राज्यों को फिजूल खर्चों पर नियंत्रण और प्राथमिक योजनाओं पर फोकस बढ़ाने की सलाह दी गई थी। इसी के तहत राज्य सरकार ने निर्देश जारी कर कहा है कि अत्यावश्यक और विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी की विदेश यात्रा को मंजूरी नहीं दी जाएगी। पहले से प्रस्तावित यात्राओं की भी समीक्षा की जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगेगा और विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही अधिकारियों को राज्य में चल रही योजनाओं और जमीनी कार्यों पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।


