आज के डिजिटल दौर में मोबाइल, टीवी और ऑनलाइन पढ़ाई के कारण बच्चों की आंखों पर ज्यादा दबाव पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम उम्र में ही आंखों की कमजोरी और चश्मे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बच्चों की आंखों को स्वस्थ रखने के लिए योग एक आसान और प्रभावी उपाय साबित हो सकता है। नियमित रूप से कुछ सरल योगासन और आंखों के व्यायाम करवाने से आंखों की रोशनी मजबूत होती है और तनाव भी कम होता है।
बच्चों के लिए सबसे आसान योग अभ्यासों में पामिंग, ब्लिंकिंग एक्सरसाइज और आंखों की गोल घुमाव एक्सरसाइज शामिल हैं। पामिंग में बच्चों को हथेलियों को रगड़कर गर्म करना और हल्के से आंखों पर रखना सिखाएं। इससे आंखों को आराम मिलता है। वहीं, बार-बार पलक झपकाने और ऊपर-नीचे तथा दाएं-बाएं देखने की एक्सरसाइज आंखों की मांसपेशियों को मजबूत बनाती है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बच्चों को रोज कम से कम 10–15 मिनट ये अभ्यास करवाएं और स्क्रीन टाइम सीमित रखें। साथ ही हरी सब्जियां, गाजर, बादाम और फल जैसे पोषक आहार देने से आंखों की सेहत बेहतर रहती है। नियमित योग और सही दिनचर्या अपनाने से बच्चों की आंखें लंबे समय तक स्वस्थ और मजबूत रह सकती हैं।


