पत्थलगांव में हाथियों का आतंक, 11 के दल ने घर तोड़े और फसलें रौंदी
जशपुर जिले के Pathalgaon वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। तिलडेगा पंचायत के भद्रापारा में बीती रात 11 हाथियों का दल रिहायशी इलाके में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथियों ने तीन घरों को नुकसान पहुंचाया और घर में रखा अनाज खा लिया। साथ ही खेतों में लगी टमाटर, केला और प्याज की फसल को भी बर्बाद कर दिया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। पूरी रात टीम ने हाथियों की निगरानी की और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं। फिलहाल गांव में डर का माहौल है और हालात पर नजर रखी जा रही है।


