रायपुर। विष्णुदेव साय ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि यह उत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का विशेष अवसर है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि होली समाज में समरसता और एकता की भावना को प्रगाढ़ करती है। यह पर्व हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और आपसी मतभेदों को भुलाकर साथ चलने की प्रेरणा देता है। भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि यह बुराई पर अच्छाई की विजय और अहंकार पर विनम्रता की जीत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे समाज की असली ताकत परस्पर विश्वास, सहयोग और अपनत्व में निहित है। होली के रंग हमें यही संदेश देते हैं कि मिलजुलकर रहने से ही समाज और राज्य प्रगति की राह पर आगे बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएं। साथ ही प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें और जरूरतमंद लोगों के साथ भी खुशियां साझा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रेम और सद्भाव के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और सशक्त बनाएगी।


